गुनौर, जीतेन्द्र रजक । शासन के निर्देशानुसार संचालित नशा मुक्ति अभियान का गुनौर नगर में जागरूकता रैली के साथ समापन किया गया। अभियान के अंतिम दिन थाना प्रभारी बलवीर सिंह के नेतृत्व में नगर के प्रमुख मार्गों पर रैली निकाली गई, जिसमें पुलिस अधिकारी, छात्र-छात्राएं, नगरवासी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में नशा मुक्ति से संबंधित तख्तियां लेकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। "नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो" और "नशा मुक्त समाज, स्वस्थ समाज" जैसे नारों के माध्यम से नागरिकों से नशे के खिलाफ एकजुट होकर अभियान से जुड़ने की अपील की गई।


थाना प्रभारी बलवीर सिंह ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकने के लिए जनजागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। पुलिस लगातार समाज के सहयोग से नशे के विरुद्ध अभियान चलाती रहेगी और अवैध नशे के कारोबार पर भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की बिक्री या सेवन की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर समाज को इस बुराई से मुक्त बनाया जा सके।


रैली के समापन पर उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। नगरवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। अभियान के समापन के साथ ही गुनौर में नशा मुक्ति का सकारात्मक संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचा।