भोपाल,जीतेन्द्र यादव। शहर के कमला नेहरू लेडी हॉस्पिटल में गंभीर लापरवाही का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नवजात बच्ची को डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। हैरानी की बात यह रही कि करीब 4 घंटे बाद वही बच्ची जीवित निकली, जिससे अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।


परिजनों के अनुसार, डॉक्टरों ने बच्ची को मृत बताकर मृत्यु प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया था। इसके बाद परिवार ने कफन खरीदकर दफनाने की पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन अंतिम समय में बच्ची के शरीर में हलचल देखी गई, जिससे सभी हैरान रह गए।


घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है और उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह सिर्फ एक डॉक्टर की गलती नहीं बल्कि पूरे सिस्टम की विफलता है।


इस मामले ने स्वास्थ्य व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार कौन है—ड्यूटी डॉक्टर, अस्पताल प्रबंधन या पूरा सिस्टम? फिलहाल मामले की जांच की मांग तेज हो गई है।