सतना, अंबिका केशरी। जिला केंद्रीय सहकारी बैंक सतना के प्रबंधक केसी शर्मा को बुधवार को लोकायुक्त रीवा की टीम ने 96 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई प्रेम नगर स्थित उनके आवास पर की गई। ट्रैप के बाद लोकायुक्त टीम आरोपी प्रबंधक को सर्किट हाउस ले गई, जहां दस्तावेजी कार्रवाई और पूछताछ की गई।
जानकारी के मुताबिक नागौद स्थित जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंधक सिद्धार्थ ओझा से धान खरीदी की राशि के भुगतान के एवज में एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। आरोप है कि धान खरीदी की कुल राशि का 3 प्रतिशत कमीशन मांगा गया था। रिश्वत की मांग से परेशान होकर बैंक प्रबंधक ने लोकायुक्त एसपी रीवा से शिकायत की थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त ने ट्रैप की योजना बनाई। बुधवार को निरीक्षक एसआर मरावी के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम प्रेम नगर स्थित आरोपी प्रबंधक के आवास पहुंची। शिकायतकर्ता जैसे ही 96 हजार रुपए लेकर वहां पहुंचा और रिश्वत की रकम दी, लोकायुक्त टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए केसी शर्मा को पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
जिला सहकारी बैंक के प्रबंधक के लोकायुक्त ट्रैप में पकड़े जाने की खबर से बैंकिंग और सहकारिता विभाग में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के बाद टीम आरोपी को सर्किट हाउस ले गई, जहां मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच और पूछताछ की गई। लोकायुक्त अधिकारी रिश्वत की मांग और धान खरीदी की राशि से जुड़े पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ दर्ज प्रकरण और आगे की कानूनी कार्रवाई की विस्तृत जानकारी सामने आएगी।




