श्योपुर, उत्तम सिंह। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर कूनो राष्ट्रीय उद्यान की धोरेट रेंज स्थित धोरेट सरकार मंदिर जाने के दौरान श्रद्धालुओं और वन विभाग के कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कथित रूप से वन कर्मियों द्वारा श्रद्धालुओं के साथ गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में डिप्टी रेंजर केशव बंसल भी दिखाई दे रहे हैं।


जानकारी के अनुसार श्रद्धालु ताल चौकी गेट से कोर क्षेत्र के रास्ते मंदिर जाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन गेट बंद होने के कारण वन कर्मचारियों ने उन्हें रोक दिया। वन विभाग का आरोप है कि इसके बाद कुछ श्रद्धालु दूसरी ओर से दीवार पार कर कोर क्षेत्र में प्रवेश कर गए, जिससे विवाद की स्थिति बन गई। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।


धोरेट रेंज प्रभारी सुनील सेंगर ने कहा कि यदि वन विभाग के किसी कर्मचारी से गलती हुई है तो वह गलत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं के लिए मंदिर जाने का अधिकृत मार्ग वीरपुर की ओर से बफर क्षेत्र होकर निर्धारित है, न कि कोर क्षेत्र से।


घटना के बाद श्रद्धालुओं ने अगरा थाने पहुंचकर वन कर्मियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। वहीं वन विभाग के कर्मचारियों ने भी श्रद्धालुओं के विरुद्ध अलग से शिकायत पत्र पुलिस को सौंपा है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।