नई दिल्ली। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन पहुंचकर देश की प्रथम नागरिक, महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से औपचारिक एवं आत्मीय मुलाकात की। इस विशेष भेंटवार्ता के दौरान उन्होंने राष्ट्रपति को आगामी दिनों में प्रारंभ होने वाले अपने राष्ट्रव्यापी सामाजिक और युवा जागरण अभियानों की विस्तृत रूपरेखा से अवगत कराया।


'माइंड सेट लाइफ सेट' अभियान से युवाओं को जोड़ने की पहल

मुलाकात के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने राष्ट्रपति को बताया कि आज की युवा पीढ़ी (Gen-Z) देश की सबसे बड़ी ऊर्जा और सामर्थ्य है। इस युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देने, सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए वे एक विशेष राष्ट्रव्यापी अभियान ‘माइंड सेट लाइफ सेट’ शुरू करने जा रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं में मानसिक स्पष्टता, जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण और आध्यात्मिक व नैतिक मूल्यों का विकास करना है।


राष्ट्रपति ने अभियान की सफलता के लिए दीं शुभकामनाएं

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बताया कि देश के नवनिर्माण में युवा पीढ़ी की भूमिका को रेखांकित करने वाले इस अभियान की रूपरेखा जानकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रसन्नता व्यक्त की। महामहिम राष्ट्रपति ने इस राष्ट्रव्यापी प्रयास की सराहना करते हुए अभियान के सफल क्रियान्वयन और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं व मंगलकामनाएं दीं।