छतरपुर। जिले में रसोई गैस की भारी किल्लत और आसमान छूती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को उग्र प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष गगन यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। विरोध का अनूठा तरीका अपनाते हुए कांग्रेसियों ने मुख्य सड़क पर ही मिट्टी का चूल्हा जलाया और उस पर खाना बनाकर यह संदेश दिया कि सिलेंडर अब आम आदमी की पहुंच से बाहर हो चुका है।


भ्रष्टाचार और कालाबाजारी के गंभीर आरोप

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष गगन यादव ने सरकार और प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि "सरकारी संरक्षण में गैस की भारी कालाबाजारी हो रही है। जो सिलेंडर 1100 रुपये का है, उसे जरूरतमंदों को 2500 से 3000 रुपये में ब्लैक में खरीदना पड़ रहा है।" कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से लेकर मुख्य चौराहे तक रैली निकाली और जमकर नारेबाजी की।


भोपाल कूच की दी चेतावनी

कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह केवल शुरुआत है। यदि गैस की कीमतों में कमी नहीं की गई और कालाबाजारी करने वाले माफियाओं पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो छतरपुर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भोपाल कूच करेंगे। जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में आने वाले दिनों में विधानसभा का घेराव किया जाएगा।


इस प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी शामिल रहीं, जिन्होंने खाली सिलेंडर दिखाकर अपना विरोध दर्ज कराया। शहर के प्रमुख चौराहों पर हुए इस प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। कांग्रेस का कहना है कि प्रशासन जल्द ही गैस वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करे, अन्यथा आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।