भोपाल। आज से मध्यप्रदेश में “हर घर योग अभियान” प्रारंभ हो रहा है, जो अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक चलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रदेश में योग को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने योग को स्वस्थ और निरोगी जीवन का सबसे प्रभावी उपाय बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का हर व्यक्ति योग से जुड़े और अपनी छिपी हुई क्षमताओं को योग के माध्यम से विकसित करे। सीएम ने प्रदेशवासियों से इस अभियान में शामिल होने की अपील भी की।
मध्यप्रदेश में शुरू हुआ यह “हर घर योग अभियान” 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक जारी रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मन, बुद्धि और आत्मिक ऊर्जा को जागृत करने का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। मध्यप्रदेश आयुष विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों और आम नागरिकों को योग से जोड़ने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान में ‘योग-सखी’ और ‘योग-दूत’ की टीमें भी सक्रिय रहेंगी, जो घर-घर जाकर लोगों को योग के लिए प्रेरित करेंगी।
भोपाल में अभियान के तहत पंडित खुशीलाल आयुर्वेदिक कॉलेज के मास्टर ट्रेनर्स द्वारा 45 मिनट के लाइव योग सत्र भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोग घर बैठे भी योगाभ्यास कर सकें। इसके अलावा प्रदेश के 800 स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों और विभिन्न अस्पतालों में योग शिक्षकों द्वारा छोटे समूहों में नागरिकों को योग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।



