अमरपाटन,नरेंद्र । सतना जिले के चीफ मेडिकल हेल्थ ऑफिसर (सीएमएचओ) डॉ. मनोज शुक्ला ने सोमवार को सिविल अस्पताल अमरपाटन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया।
सीएमएचओ डॉ. शुक्ला ने डिलीवरी रूम, ओपीडी सहित अस्पताल के अन्य विभागों का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बीएमओ डॉ. आर.के. सतनामी से अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और उन्हें मिलने वाले मुफ्त इलाज एवं सुविधाओं के बारे में चर्चा की। साथ ही ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्सों से बातचीत कर मरीजों को दी जा रही दवाइयों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के पश्चात सीएमएचओ ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश बीएमओ को दिए। इसके अलावा अस्पताल में तैनात डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की बैठक लेकर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश दिए।
वहीं अस्पताल में लिफ्ट एवं फायर सेफ्टी व्यवस्था न होने से उत्पन्न समस्याओं को लेकर सीएमएचओ ने शीघ्र आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कराने की बात कही।

