खजुराहो, तुलसीदास सोनी। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी खजुराहो में एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। मंगलवार को यहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल यानी CISF के जवानों के लिए नए बैरक का लोकार्पण किया गया। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू और खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा वर्चुअली शामिल हुए। सभी अतिथियों ने इस नई सुविधा को सुरक्षा व्यवस्था के लिए अहम कदम बताया।
केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि देश में तेजी से एयरपोर्ट्स का विस्तार हो रहा है, जिससे आम लोगों के लिए हवाई यात्रा आसान बन रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हवाई चप्पल वाले भी हवाई जहाज में सफर करें’ विजन का जिक्र करते हुए उड़ान योजना की सराहना की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश में वर्तमान में 10 एयरपोर्ट्स से उड़ान सेवाएं संचालित हो रही हैं और आने वाले समय में अन्य जिलों में भी यह सुविधा बढ़ाई जाएगी। साथ ही एयर एंबुलेंस सेवा के विस्तार पर भी जोर दिया गया।
इस मौके पर रीवा-रायपुर नई विमान सेवा के शुभारंभ पर भी शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में एयरपोर्ट निदेशक संतोष सिंह, CISF कमांडेंट काशो उर्वशी शाह सहित अन्य अधिकारी और जवान मौजूद रहे। खजुराहो एयरपोर्ट पर CISF के नए बैरक से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी, जिससे पर्यटकों और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

