छतरपुर, सुबोध त्रिपाठी। जिले में मादक पदार्थ तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा की नई रणनीति का असर दिखाई दिया है। एसपी के विशेष निर्देश पर ओरछा रोड थाना पुलिस ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर महाराजपुर थाना क्षेत्र के गढ़ीमलहरा रोड पर सर्जिकल कार्रवाई करते हुए बाइक सवार दो शातिर तस्करों को 3 किलोग्राम से अधिक गांजे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
एसपी की गोपनीय रणनीति: दूसरे थाने की पुलिस से कराई रेड
आमतौर पर किसी भी थाना क्षेत्र में कार्रवाई की जिम्मेदारी उसी इलाके की पुलिस की होती है, लेकिन नशे के अवैध कारोबारियों की स्थानीय सांठगांठ और सूचना लीक होने की संभावना को खत्म करने के लिए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने अलग दांव चला। पुख्ता मुखबिर सूचना के आधार पर एसपी ने ओरछा रोड थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक यादव और उनकी टीम को सीधे महाराजपुर क्षेत्र में दबिश के लिए भेजा। इस अचानक हुई क्रॉस-थाना कार्रवाई से इलाके के तस्करों में हड़कंप मच गया।
पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी, अपाचे बाइक से भागने की कोशिश नाकाम
ओरछा रोड और महाराजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने गढ़ीमलहरा-महाराजपुर मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के पास नाकाबंदी की। इस दौरान अपाचे मोटरसाइकिल से आ रहे दो संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। बाइक पर बंधी बोरी की तलाशी लेने पर 3 किलोग्राम से अधिक अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और तस्करी में प्रयुक्त अपाचे बाइक (कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये) जब्त कर ली।
पकड़े गए दोनों आरोपी आदतन अपराधी
गिरफ्तार किए गए दोनों तस्कर ग्राम कुसमा (थाना महाराजपुर) के निवासी हैं और उनका लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है:
- प्रकाश रैकवार (पिता दयाराम रैकवार): हत्या के प्रयास, एससी/एसटी एक्ट और एनडीपीएस सहित 4 गंभीर मामलों में नामजद।
- राव साहब बुंदेला (पिता दुर्जन सिंह बुंदेला): दहेज प्रतिषेध, एससी/एसटी एक्ट और एनडीपीएस जैसे 3 अपराधों में संलिप्त।
आरोपियों को भेजा गया जेल, नेटवर्क की पड़ताल जारी
थाना महाराजपुर में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले एवं एसडीओपी खजुराहो मनमोहन सिंह बघेल के मार्गदर्शन में ओरछा रोड थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक यादव व महाराजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह की इस संयुक्त टीम कार्रवाई की जिले भर में सराहना हो रही है। पुलिस अब इन तस्करों के मुख्य सप्लायरों की तलाश कर रही है।




