जबलपुर। मध्यप्रदेश के महिला एवं बाल विकास विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाल कल्याण समिति जबलपुर के अध्यक्ष मनीष व्यास को पद से हटा दिया है। इस संबंध में मंत्रालय वल्लभ भवन भोपाल से रविवार को आदेश जारी किए गए। जानकारी के अनुसार बाल कल्याण समिति की सदस्य मेघा पवार ने अध्यक्ष मनीष व्यास के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद मामले की जांच अनुविभागीय दण्डाधिकारी रांझी द्वारा कराई गई। जांच में समिति की महिला सदस्यों के प्रति मनीष व्यास का व्यवहार असंयमित और पद की गरिमा के अनुरूप नहीं पाया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने मनीष व्यास को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा था। अपने जवाब में उन्होंने इसे प्रशासनिक मतभेद का मामला बताया, लेकिन जांच रिपोर्ट, गवाहों के बयान और सुनवाई के आधार पर विभाग ने उनके स्पष्टीकरण को संतोषजनक नहीं माना। गौरतलब है कि राज्य सरकार ने 24 अक्टूबर 2024 को किशोर न्याय अधिनियम के तहत मनीष व्यास को बाल कल्याण समिति जबलपुर का अध्यक्ष नियुक्त किया था, लेकिन अब विभाग ने उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारियों और गरिमा के अनुरूप नहीं पाए जाने पर पद से हटा दिया है।




