बुरहानपुर। बुरहानपुर जिले में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुए केला उत्पादक किसानों को राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है। गुरुवार को आयोजित बलराम कृषि महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से वर्चुअली जुड़कर जिले के 8,115 किसानों के बैंक खातों में ₹107 करोड़ 72 लाख की मुआवजा राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से ट्रांसफर की।
मई और जून की आंधी से तबाह हुई थी 8,963 हेक्टेयर फसल
उल्लेखनीय है कि चालू वर्ष में 29 और 30 मई तथा 1 जून की सुबह आई तेज आंधी और बारिश के कारण बुरहानपुर जिले में केला फसल को भीषण नुकसान पहुंचा था। इस प्राकृतिक आपदा के चलते लगभग 8,963 हेक्टेयर क्षेत्र में लगी केला फसल पूरी तरह नष्ट हो गई थी, जिसकी भरपाई के लिए सरकार ने यह त्वरित सहायता राशि जारी की है।
जनप्रतनिधियों ने सराहा: कहा- पहली बार इतनी पारदर्शिता से हुआ सर्वे
कार्यक्रम के दौरान बुरहानपुर में सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस, नेपानगर विधायक मंजू दादू, कलेक्टर हर्ष सिंह और एसपी आशुतोष बागरी सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पारदर्शी सर्वे की तारीफ: बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस ने कहा कि इस बार सर्वे का काम बेहद पारदर्शिता से किया गया और सूचियां पंचायतों में चस्पा की गईं। किराए व बटाई पर खेती करने वाले वास्तविक किसानों के खातों में भी पंचनामा तैयार कर मुआवजा पहुंचाया गया है।
किसानों को आर्थिक संबल: सांसद ज्ञानेश्वर पाटील और नेपानगर विधायक मंजू दादू ने कहा कि बुरहानपुर का केला देशभर में प्रसिद्ध है और समय पर मिली यह ₹107.72 करोड़ की राशि किसानों को नए कृषि सीजन की तैयारी के लिए बड़ा सहारा बनेगी।
बलराम कृषि महोत्सव में वैज्ञानिकों ने दिए आधुनिक खेती के टिप्स
मुआवजा वितरण के साथ-साथ आयोजित 'बलराम कृषि महोत्सव' में उपस्थित किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, जैविक खेती, गुणवत्तापूर्ण बीज, प्राकृतिक संसाधन संरक्षण और फसल पोषण प्रबंधन के संबंध में उपयोगी जानकारी दी गई। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों का मार्गदर्शन करते हुए उनकी जिज्ञासाओं का मौके पर ही समाधान किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने और महापौर माधुरी पटेल भी उपस्थित रहे।




