महोबा बुंदेलखंड की राजनीति के कद्दावर नेता और चार बार विधायक रहे कुंवर बादशाह सिंह ने सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपने फैसले की जानकारी दी, जिसके बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। अपने बयान में बादशाह सिंह ने राजनीति में बढ़ती “गंदगी” को संन्यास की मुख्य वजह बताया। उन्होंने कहा कि पहले राजनीति समाजसेवा का माध्यम थी, लेकिन अब हालात बदल गए हैं, जिससे वे आहत हैं।


पूर्व मंत्री का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब वे समाजवादी पार्टी में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। हाल ही में 2024 लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उन्हें हमीरपुर-महोबा सीट की जिम्मेदारी सौंपी थी, जहां उनकी रणनीति से पार्टी को सफलता भी मिली। कुंवर बादशाह सिंह का राजनीतिक सफर जमीनी स्तर से शुरू हुआ था। वे 1989 में नगर पंचायत चेयरमैन बने और 1991 में पहली बार विधायक चुने गए। बसपा सरकार में मंत्री रहते हुए उन्होंने प्रदेश की राजनीति में मजबूत पकड़ बनाई। अपने करियर में वे भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जैसे कई दलों का हिस्सा रहे। उनके संन्यास से महोबा और हमीरपुर की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है, क्योंकि वे यहां के सियासी समीकरणों के अहम खिलाड़ी माने जाते रहे हैं।