मुंबई। मुंबई में Indian Premier League के बीच एक दुखद घटना सामने आई है। आईपीएल ब्रॉडकास्ट टीम से जुड़े ब्रिटिश नागरिक इयान विलियम्स लैंगफोर्ड ट्राइडेंट होटल के अपने कमरे में मृत पाए गए। इयान भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के साथ ब्रॉडकास्ट इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे और 24 मार्च से होटल में ठहरे हुए थे। 29 मार्च को मैच खत्म होने के बाद वह अपने कमरे में लौटे थे, लेकिन 30 मार्च को जब होटल स्टाफ ने संपर्क करने की कोशिश की तो कमरे से कोई जवाब नहीं मिला।
इसके बाद स्टाफ ने मास्टर की से दरवाजा खोला, जहां इयान फर्श पर पड़े मिले। तुरंत होटल के डॉक्टर को बुलाया गया, जिन्होंने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।गौरतलब है कि 29 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला खेला गया था, जिसमें मुंबई इंडियंस ने जीत दर्ज की थी। इस दौरान बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे और आईपीएल का रोमांच चरम पर था।

