कटनी(सुमित पाण्डेय)। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर नव परिवर्तन प्रकाश फाउंडेशन, कटनी द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बालिकाओं और युवतियों के लिए विशेष शौर्य प्रदर्शन एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य बेटियों को आत्मनिर्भर, साहसी और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है।


संस्था द्वारा 6 मार्च से 21 मार्च तक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है, जिसमें बालिकाओं को तलवार चलाने की कला, नान-चाकू, दंड प्रहार तथा विभिन्न प्रकार की सेल्फ डिफेंस तकनीकों का अभ्यास कराया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें किसी भी परिस्थिति में स्वयं की सुरक्षा करने के लिए तैयार किया जा रहा है।


इस प्रशिक्षण का मुख्य शौर्य प्रदर्शन 22 मार्च को कटनी के हृदय स्थल साधुराम विद्यालय परिसर में आयोजित होगा। इस दौरान प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बालिकाएं अपने शौर्य, अनुशासन और आत्मरक्षा के कौशल का प्रदर्शन करेंगी।


संस्था का मानना है कि नवरात्रि माता शक्ति की आराधना, श्रद्धा और भक्ति का पर्व है। लेकिन वर्तमान समय में कई स्थानों पर गरबा और उत्सव की मूल गरिमा प्रभावित होती दिखाई दे रही है, जहां भक्ति के स्थान पर केवल मनोरंजन और अशोभनीय प्रवृत्तियां बढ़ती जा रही हैं। ऐसे समय में नवरात्रि के वास्तविक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप को पुनः स्थापित करने का यह एक सकारात्मक प्रयास है।


इसी उद्देश्य से इस वर्ष चैत्र नवरात्रि के अवसर पर बहनें शास्त्रों के साथ शौर्य प्रदर्शन कर माता शक्ति के प्रति अपनी श्रद्धा समर्पित करेंगी और समाज को यह संदेश देंगी कि बेटियाँ केवल भक्ति ही नहीं, बल्कि शक्ति और आत्मरक्षा का भी प्रतीक हैं।


इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में संस्था की सक्रिय सदस्य ऐश्वर्या साहू, श्रद्धा रजक, नेहा रजक, रिया, तृषा, सृष्टि और अनन्या विशेष रूप से प्रशिक्षण ले रही हैं और कार्यक्रम की तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।


संस्था ने शहर के गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर बालिकाओं का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।