मंदसौर,ललित शंकर धाकड़। मंदसौर जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपए की शराब जब्त की है। मक्का के बोरो के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब को पुलिस ने पकड़ा है।
जानकारी के अनुसार नाहरगढ़ थाना पुलिस ने नापाखेड़ा-बिल्लौद रोड पर मुखबिर की सूचना के आधार पर एक गुजरात पासिंग ट्रक को रोका। जांच के दौरान ट्रक में मक्का के बोरे लदे हुए थे, लेकिन जब पुलिस ने बोरों को हटाकर देखा तो नीचे भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब छुपाकर रखी गई थी।
बताया जा रहा है कि करीब 70 लाख रुपए कीमत की 550 पेटी शराब फर्जी बिल्टी बनाकर गुजरात ले जाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक गुजरात निवासी आरोपी भरत रेबारी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध शराब तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।



