छतरपुर,संजय अवस्थी। छतरपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे में 5 वर्षीय बच्ची हाई टेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। घायल बच्ची का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।जानकारी के अनुसार घायल बच्ची सीमा आदिवासी (5 वर्ष) पिता पंचू आदिवासी निवासी ग्राम नवादा, हाल निवासी ग्राम बसाटा थाना सटई की रहने वाली है। बच्ची के मामा रामकिशोर आदिवासी ने बताया कि मंगलवार को दोपहर करीब 4 बजे बच्ची अपने मामा के खेत पर खेल रही थी।खेलते-खेलते वह खेत में लगे एक पेड़ पर चढ़ गई।



बताया गया कि इसी दौरान बच्ची का संतुलन बिगड़ गया और वह पेड़ से नीचे गिरने लगी। गिरते समय उसने पास से गुजर रही हाई टेंशन लाइन का तार पकड़ लिया, जिससे वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई।घटना के बाद परिजन बच्ची को तुरंत निजी वाहन से छतरपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे बर्न वार्ड में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।परिजनों ने इस घटना की जानकारी बुधवार 11 मार्च को दोपहर करीब 1:00 बजे जिला अस्पताल में दी है। फिलहाल बच्ची की हालत को देखते हुए डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।