छतरपुर। आगामी जनगणना 2027 के प्रारंभिक चरणों में 30 मई 2026 तक मकानों की गणना एवं मकानों के सूचीकरण का कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने की दिशा में छतरपुर जिले ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी पार्थ जैसवाल के कुशल निर्देशन और अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) बलवीर रमन एवं चार्ज अधिकारी (सीएमओ बारीगढ़) अजय अग्निहोत्री के मार्गदर्शन में नगर परिषद बारीगढ़ ने अपने निर्धारित लक्ष्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त कर लिया है।
नगर परिषद बारीगढ़ के अंतर्गत आने वाले एचएलबी (हाउस लिस्टिंग ब्लॉक) 01 से 16 तक का कार्य 100त्न पूर्ण कर लिया गया है। जनगणना कार्य के लिए नियुक्त किए गए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों ने तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए डिजिटल माध्यम से डेटा संकलन का कार्य संपन्न किया। इस उपलब्धि के साथ ही बारीगढ़, जिले के उन क्षेत्रों में शामिल हो गया है जहाँ जनगणना का प्रारंभिक चरण सबसे पहले पूर्ण हुआ है। समस्त टीम को जनगणना कार्य निदेशालय भोपाल की तरफ से बधाई दी गई है।
कलेक्टर पार्थ जैसवाल के नेतृत्व में जिले भर में जनगणना की बारीकियों और डेटा की शुद्धता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बारीगढ़ में चार्ज अधिकारी एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी की सतत मॉनिटरिंग के कारण फील्ड टीम ने डोर-टू-डोर पहुँचकर प्रत्येक भवन की सूची तैयार करने का कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ किया।
कलेक्टर ने की फील्ड टीम की सराहना
जनगणना कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी से पूर्ण करने पर कलेक्टर ने फील्ड में लगे कर्मचारियों की सराहना की है। साथ ही बारीगढ़ मॉडल की तरह ही जिले के अन्य नगरीय निकायों और तहसीलों में भी कार्य को समय से पहले पूर्ण करने के लिए लगातार मार्गदर्शन दिया जा रहा है। डिजिटल आधारित इस जनगणना में बारीगढ़ की यह सफलता आगामी चरणों के लिए एक मजबूत आधार साबित होगी।

