छतरपुर। छतरपुर में स्थित बागेश्वर धाम में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा नौ दिवसीय विशेष शक्ति साधना का शुभारंभ हो गया है। इस साधना को लेकर देशभर के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में भक्त धाम पहुंच रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह साधना सनातन धर्म की परंपराओं के अनुसार शक्ति उपासना को समर्पित है, जिसके माध्यम से दैहिक, दैविक और भौतिक कष्टों के निवारण की कामना की जाती है। नौ दिनों तक चलने वाली इस साधना के दौरान नियमित दरबार का आयोजन केवल मंगलवार और शनिवार को ही किया जाएगा। इन विशेष दिनों में श्रद्धालु अपनी समस्याओं का समाधान और आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे।
वहीं शेष दिनों में भक्तों को महाराज श्री के दर्शन का लाभ मिलेगा। पूरे बागेश्वर धाम परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों से वातावरण भक्तिमय हो उठा है, जिससे श्रद्धालु आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव कर रहे हैं।
भक्तों का मानना है कि महाराज की इस विशेष साधना से न केवल उनकी व्यक्तिगत समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि समाज में सुख-शांति और समृद्धि का भी प्रसार होगा। आस्था और विश्वास के इस संगम में बागेश्वर धाम एक बार फिर श्रद्धालुओं का प्रमुख केंद्र बन गया है, जहां हर कोई अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति और दिव्य आशीर्वाद की उम्मीद लेकर पहुंच रहा है।

