छतरपुर, संतोष शिवहरे। जनपद पंचायत लवकुशनगर के ग्राम बम्होरी स्थित प्राचीन काली माता मंदिर परिसर पर अवैध कब्जा, श्रद्धालुओं के साथ अभद्र व्यवहार और ग्रामीणों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। ग्राम निवासी हरिशंकर भदौरिया ने जिला पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि काली माता मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां वर्षों पुरानी प्रतिमाएं स्थापित हैं। आरोप है कि कुमार दास उर्फ बाबूलाल द्विवेदी नामक व्यक्ति बिना किसी वैधानिक अधिकार के मंदिर परिसर में रह रहा है और उसने मंदिर की भूमि पर अपना आवास बना लिया है। साथ ही परिसर में लगे पेड़ों का निजी उपयोग करने और मंदिर में आने वाले दान एवं चढ़ावे की राशि का मनमाने ढंग से उपयोग करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
आवेदन के अनुसार, आरोपी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के साथ अभद्र व्यवहार करता है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में थाना लवकुशनगर में भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आरोपी के हौसले बढ़ गए।
ग्रामीण हरिशंकर भदौरिया ने आरोप लगाया है कि 16 जुलाई 2026 को आरोपी ने ग्रामीणों के विरुद्ध थाने में शिकायत दर्ज कराई और 24 जुलाई को फोन कर कथित रूप से 50 हजार रुपये की मांग करते हुए धमकी दी कि यदि शिकायत वापस नहीं कराई गई तो उन्हें एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य गंभीर मामलों में फंसा दिया जाएगा।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड, लगाए गए आरोपों और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही मंदिर परिसर से कथित अवैध कब्जा हटाने तथा ग्रामीणों को धमकाने के मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की भी अपील की है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है और मामले की जांच पुलिस स्तर पर लंबित है।




