सतना, अंबिका केशरी। कृषि उपज मंडी में प्याज की आवक और नीलामी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से प्रशासन और व्यापारियों के बीच एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता एसडीएम राहुल सिलाडिया ने की। बैठक में मुख्य रूप से नीलामी में पारदर्शिता, किसानों को भुगतान और मंडी परिसर की व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान एसडीएम राहुल सिलाडिया ने मंडी सचिव और व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक के दौरान प्याज की बढ़ती आवक को देखते हुए नीलामी के समय को कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसानों को देर रात तक मंडी में न रुकना पड़े। एसडीएम ने निर्देश दिए कि नीलामी की बोली पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की गुटबाजी या "पूलिंग" बर्दाश्त नहीं की जाएगी। व्यापारियों को सख्त लहजे में कहा गया है कि किसानों को उनकी उपज का भुगतान शासन के नियमों के अनुसार समय पर सुनिश्चित किया जाए। बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने भी अपनी कुछ व्यावहारिक समस्याएं साझा कीं, जिसमें मंडी परिसर में स्थान की कमी और ट्रैफिक जाम जैसी चुनौतियां शामिल थीं। एसडीएम ने इन समस्याओं के निराकरण के लिए मंडी प्रशासन को कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं।