इंदौर में महिला से मारपीट करने वाले 4 आरोपी पुलिस हिरासत में, सोशल मीडिया पर फैला था भ्रम।

Advertisement
इंदौर, रविकांत वर्मा । हीरा नगर थाना क्षेत्र में अफवाह के चलते देर रात एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पति से विवाद के बाद घर से निकली महिला को कुछ लोगों ने बच्चा चोर समझ लिया और बिना पुष्टि किए उसके साथ जमकर मारपीट कर दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, महिला देर रात नाले के पास टहलती हुई नजर आई थी। इसी दौरान आसपास के लोगों ने शंका के आधार पर उसे घेर लिया और बच्चा चोर होने का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। बाद में सच्चाई सामने आने पर महिला ने हीरा नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में बच्चा चोरी की कोई घटना नहीं हुई है। आम जनता से अपील की गई है कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अफवाहों पर विश्वास न करें और कानून को अपने हाथ में न लें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों और हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
