तालाबों पर मछली माफियाओं के अवैध कब्जे के खिलाफ युवा रैकवार समाज ने किया प्रदर्शन

Advertisement
छतरपुर(संजय अवस्थी)। जिले में तालाबों पर मछली माफियाओं द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जे और मछली पालन के ठेकों में अनियमितताओं के खिलाफ युवा रैकवार समाज ने आज जोरदार प्रदर्शन किया। समाज के युवाओं ने मेला ग्राउंड से एकत्र होकर रैली निकाली और नारेबाजी करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री के नाम एक लिखित आवेदन सौंपा गया।
रैली में बड़ी संख्या में युवा रैकवार समाज के सदस्य शामिल हुए। उक्त प्रदर्शन समाज के जिला अध्यक्ष राम रैकवार ने नेतृत्व किया और तालाबों को माफियाओं से मुक्त कराने की मांग की। ज्ञापन में मांग की गई है कि जिले के तालाबों पर अवैध कब्जे तत्काल हटाए जाएं, मछुआ नीति का सख्ती से पालन कराया जाए और मछली पालन के अधिकार परंपरागत रूप से समाज के लोगों को दिए जाएं, न कि माफियाओं या उनके चहेतों को।
युवा रैकवार समाज के सदस्यों ने कहा कि तालाबों पर मछली माफियाओं का कब्जा समाज के पारंपरिक अधिकारों का हनन है, जिससे हजारों परिवारों की आजीविका प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील की और चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। कार्यक्रम में राम रैकवार सहित समाज के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
