छतरपुर, शिवम सोनी। जिले के चंदला थाना क्षेत्र में जहरीले सर्प के काटने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिजनों द्वारा समय पर अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने के कारण उपचार में देरी हुई, जिससे युवक की जान नहीं बचाई जा सकी। यह घटना अंधविश्वास के दुष्परिणाम का एक और उदाहरण बनकर सामने आई है।
जानकारी के अनुसार चंदला थाना क्षेत्र निवासी नीरज रैकवार (20) को शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे खेत के पास किसी जहरीले जीव, संभवतः सर्प, ने काट लिया। परिजनों के मुताबिक घटना के बाद युवक को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय पहले झाड़-फूंक कराई गई। इस दौरान काफी समय बीत गया और युवक की हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
जब हालत गंभीर हो गई तो परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया।
चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि सर्प या किसी भी जहरीले जीव के काटने पर झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा लेने के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचकर उपचार कराएं। समय पर चिकित्सा मिलने से ऐसे मामलों में मरीज की जान बचाई जा सकती है।




