सतना, अंबिका केशरी। मानसून की शुरुआत के साथ सतना शहर में जलभराव की संभावित समस्या को देखते हुए विंध्य चैंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज ने नगर निगम प्रशासन से शहर के सभी छोटे-बड़े नालों और नालियों की युद्धस्तर पर सफाई कराने की मांग की है। चैंबर के पदाधिकारियों ने नगर निगम कमिश्नर को ज्ञापन सौंपते हुए 10 जुलाई तक सफाई कार्य पूर्ण कराने का आग्रह किया है, ताकि बारिश के दौरान शहरवासियों और व्यापारियों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।
चैंबर ने अपने पत्र में कहा कि प्रत्येक वर्ष बारिश के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे व्यापारिक प्रतिष्ठानों में पानी भरने से करोड़ों रुपये का नुकसान होता है। दुकानों में रखा कीमती सामान खराब हो जाता है, बाजारों का संचालन प्रभावित होता है और व्यापार ठप पड़ जाता है। इसके अलावा गंदे पानी के कारण जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।
विंध्य चैंबर ने बताया कि वह सतना शहर के लगभग 10 हजार व्यापारी परिवारों का प्रतिनिधित्व करता है। ऐसे में व्यापारी हित और जनहित को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा त्वरित कार्रवाई आवश्यक है। ज्ञापन में सर्किट हाउस नाला, सेमरिया चौक नाला, सिंधी कैम्प नाला तथा धवारी नाला सहित शहर के सभी प्रमुख नालों से कीचड़, प्लास्टिक एवं अतिक्रमण हटाकर गहराई तक सफाई कराने की मांग की गई है।
इसके साथ ही मुख्तयारगंज, टिकुरिया टोला, पन्नीलाल चौक, गांधी चौक, बस स्टैंड और कोलगवां थाना क्षेत्र जैसे जलभराव प्रभावित इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाने, शहर के सभी 45 वार्डों की छोटी-बड़ी नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा आवश्यक स्थानों पर जाली एवं ढक्कन लगाने की भी मांग की गई है। चैंबर ने उम्मीद जताई कि नगर निगम समय रहते आवश्यक कदम उठाकर शहर को जलभराव की समस्या से राहत दिलाएगा।

