भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। वीर भारत न्यास से जुड़े भूमि मामले में लगाए गए आरोपों को लेकर न्यास की ओर से उन्हें 5 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा गया है। इस संबंध में वीर भारत न्यास के अधिवक्ताओं ने भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नोटिस की जानकारी दी।


प्रेस वार्ता में अधिवक्ताओं ने कहा कि जीतू पटवारी ने वीर भारत न्यास को 500 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन मात्र एक रुपये में दिए जाने का आरोप लगाया था, जो पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन है। उनका कहना है कि इन आरोपों से वीर भारत न्यास के सचिव श्रीराम तिवारी की सामाजिक प्रतिष्ठा और छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा है।


अधिवक्ताओं ने बताया कि इसी कारण जीतू पटवारी को 5 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा गया है। नोटिस में उनसे तीन दिन के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और मीडिया के सामने आकर अपने बयान पर खेद व्यक्त करने की मांग की गई है।


वीर भारत न्यास की ओर से कहा गया कि यदि जीतू पटवारी निर्धारित तीन दिन की अवधि में सार्वजनिक माफी मांग लेते हैं तो उनके खिलाफ आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी। अन्यथा न्यास अपने अधिकारों की रक्षा के लिए विधिक कार्रवाई करेगा।