भोपाल, जीतेन्द्र यादव। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज परिसर में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक रामेश्वर शर्मा की मुख्य उपस्थिति में हजारों नागरिकों, युवाओं एवं छात्राओं ने एक साथ विभिन्न योगासनों का अभ्यास कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दिए गए उद्बोधन के वर्चुअल प्रसारण से हुई, जिसे उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना। इसके पश्चात विधायक रामेश्वर शर्मा ने स्वयं भी योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास किया और नागरिकों को नियमित रूप से योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि योग जीवन में नई ऊर्जा और नई चेतना का संचार करता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपनी दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज पूरी दुनिया ने योग की शक्ति को समझा और उसे अपनाया है।
उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन आरोग्य परंपरा और संस्कृति को विश्व स्तर पर सम्मान मिला है। अब आवश्यकता है कि योग को जन-जन तक पहुंचाया जाए, ताकि स्वस्थ, समर्थ और विकसित भारत के निर्माण में सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, युवा, छात्राएं एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह और अनुशासन का माहौल देखने को मिला।

