छतरपुर/बिजावर, आमिल खान। प्रस्तावित भोपाल–सागर–छतरपुर–खजुराहो एवं दमोह–हटा–खजुराहो रेल लाइन परियोजना में बिजावर अथवा विश्व प्रसिद्ध शिव धाम श्री जटाशंकर को रेलवे स्टेशन के रूप में शामिल किए जाने की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने अपनी आवाज बुलंद कर दी है। इसी क्रम में बिजावर जटाशंकर रेल अधिकार मंच के नेतृत्व में क्षेत्रीय विधायक राजेश शुक्ला के माध्यम से मुख्यमंत्री, रेल मंत्री एवं संबंधित जनप्रतिनिधियों के नाम संबोधित एक विस्तृत ज्ञापन तहसीलदार अभिनव शर्मा को सौंपा गया।

क्षेत्रवासियों ने बताया कि बुंदेलखंड अंचल की इस महत्वाकांक्षी रेल परियोजना का कार्य जल्द ही प्रारंभ होने जा रहा है। ऐसे में बिजावर अथवा श्री जटाशंकर धाम को रेलवे स्टेशन के रूप में शामिल किया जाना क्षेत्र की धार्मिक आस्था, पर्यटन, सामाजिक विकास एवं आर्थिक प्रगति की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है। जटाशंकर धाम बुंदेलखंड का प्रमुख धार्मिक केंद्र है, जहां साल भर लाखों श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। यदि इस क्षेत्र को रेलवे नेटवर्क से जोड़ा जाता है, तो इससे न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि क्षेत्र का पिछड़ापन भी दूर होगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान मौजूद प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि बिजावर और श्री जटाशंकर धाम को रेलवे स्टेशन की सौगात मिलना पूरे क्षेत्र के सुनहरे भविष्य और विकास के लिए एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा। क्षेत्रवासियों ने विधायक बबलू शुक्ला से मांग की है कि वे इस जनभावना और जायज मांग को शासन-प्रशासन के उच्च स्तर और रेल मंत्रालय तक मजबूती से पहुंचाएं। तहसीलदार ने ज्ञापन लेकर इसे उचित माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों तक भेजने का भरोसा दिलाया है।