छतरपुर(संजय अवस्थी)। अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य एवं चिकित्सा) अशोक वर्णवाल ने सोमवार को निर्माणाधीन गौरगांव मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। भवन निर्माण कार्य लगभग पूरा होने के बावजूद उन्होंने गुणवत्ता, फिनिशिंग और समयबद्धता पर जोर देते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अशोक वर्णवाल ने मेडिकल कॉलेज भवन के प्रथम तल से लेकर पूरे कैंपस का विस्तृत भ्रमण किया। उन्होंने लाइब्रेरी, प्रशासनिक भवन, लेक्चर हॉल, मुख्य प्रवेश द्वार, परीक्षा कक्ष और गार्डन एरिया समेत सभी महत्वपूर्ण हिस्सों का जायजा लिया और कार्यों की गुणवत्ता का कड़ाई से परीक्षण किया।
दिए गए प्रमुख निर्देश:
- फर्नीचर टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर ऑर्डर जारी करने के सख्त निर्देश।
- भवन की बेहतर फिनिशिंग सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कार्यवाही।
- हॉस्टल की क्षमता की विस्तृत जानकारी ली।
- सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें।
- इसी वर्ष मेडिकल कॉलेज शुरू करने का पूरा प्रयास।
इस अवसर पर कलेक्टर पार्थ जैसवाल, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, एसडीएम प्रशांत अग्रवाल, सीएमएचओ डॉ. आर.पी. गुप्ता, ईई पीआईयू सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अपर मुख्य सचिव वर्णवाल ने स्पष्ट संदेश दिया कि मेडिकल कॉलेज न केवल समय पर पूरा हो बल्कि गुणवत्ता के मामले में भी उत्कृष्ट बने, ताकि छात्रों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

