देवास में मजिस्ट्रेट से विवाद के बाद प्रशासन की सख्त कार्रवाई, बुलडोजर चला कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज

Advertisement
देवास,हेमंत गुर्जर । जिला न्यायालय देवास के मजिस्ट्रेट प्रसन्न सिंह बेहरावत से कथित विवाद के बाद पुलिस और प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। नाहर दरवाजा थाना पुलिस ने पंकज धारू, भीम धारू सहित अन्य व्यक्तियों के खिलाफ सात से अधिक गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
थाना प्रभारी अमित सोलंकी ने बताया कि मजिस्ट्रेट के साथ अभद्रता की शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
वहीं, पंकज धारू ने आरोपों को लेकर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि एक दिन पूर्व मजिस्ट्रेट की गाड़ी से एक बच्चा घायल हो गया था। इसी मामले में इलाज को लेकर चर्चा के दौरान विवाद की स्थिति बनी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया।
विवाद के बाद प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उज्जैन रोड बायपास स्थित एक पोल्ट्री फार्म और भोपाल रोड पर बने अवैध निर्माण को जेसीबी मशीन की मदद से हटाया। तहसीलदार सपना शर्मा ने बताया कि संबंधित पक्ष को पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस का पालन न करने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
