नई दिल्ली। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा है कि 'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम के लिए उन्हें अपने स्कूल के दिनों के दो शिक्षकों से प्रेरणा मिली। उसी प्रेरणा की वजह से वह इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संचालित करा पा रहे हैं।

डॉ. मनसुख मांडविया ने रविवार को अपने एक्स प्लेटफॉर्म पर एक उन्नीस सेकंड की वीडियो पोस्ट की है। इस वीडियो में वह फिल्म अभिनेता अक्षर कुमार से बातचीत करते हुए नजर आ रहे हैं।

वीडियो में मांडविया अक्षय कुमार से अपने स्कूल के दिनों के शिक्षकों से मिली प्रेरणा का जिक्र करते हैं। उन्होंने कहा, "मैं साइकिल शुरू से चलाता हूं। इसकी प्रेरणा मुझे अपने प्राइमरी स्कूल के दो शिक्षकों से मिली है। एक तीन किलोमीटर और एक चार किलोमीटर साइकिल चलाकर आते थे। 20 साल तक उनकी यही दिनचर्या थी। आज की तारीख में एक 92 वर्ष के और एक 94 वर्ष के हैं। मुझे 'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम के लिए अपने उन्हीं शिक्षकों से प्रेरणा मिलती है।"

डॉ. मनसुख मांडविया और अक्षय कुमार रविवार को 12वें 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' पर दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए।

'संडे ऑन साइकिल' केंद्र सरकार का एक महत्वाकांक्षी अभियान है। इसके तहत प्रत्येक रविवार को नई दिल्ली के साथ ही देश में सैकड़ों जगहों पर युवा बड़ी संख्या में एकत्र होते हैं और साइकिल रैली में हिस्सा लेते हैं। 'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम का उद्देश्य हर वर्ग के लोगों के बीच फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाना है और साइकिलिंग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संदेश देना है। यह अभियान मोटापे को दूर करने में भी सहायक है। इसके अलावा, इस कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाता है।

'संडे ऑन साइकिल' अभियान की शुरुआत दिसंबर 2024 में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया द्वारा 'फिट इंडिया मूवमेंट' के तहत की गई थी।