भिंड। जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र के मौरोली गांव में महज 5 रुपये के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आटा चक्की पर गेहूं पिसवाने पहुंचे एक ग्राहक का दुकानदार ने कथित रूप से कान काट लिया। घायल ग्राहक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित ग्राहक 37 किलो गेहूं पिसवाने के लिए गांव स्थित पप्पू ओझा की आटा चक्की पर पहुंचा था। ग्राहक का आरोप है कि गेहूं पिसने के बाद उसे केवल 36 किलो आटा तौलकर दिया गया। करीब डेढ़ किलो आटा कम मिलने पर उसने आपत्ति जताई और पिसाई के 45 रुपये देने की बजाय 40 रुपये ही दिए।
इसी बात को लेकर ग्राहक और चक्की संचालक के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान आटा चक्की संचालक ने ग्राहक पर हमला कर दिया और उसके कान को दांतों से काट लिया।
हमले में ग्राहक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका काफी खून बहने लगा। घायल अवस्था में वह मेहगांव थाने पहुंचा, जहां उसने पूरी घटना की शिकायत पुलिस को दी। घटना के बाद आरोपी दुकानदार अपनी दुकान बंद कर मौके से फरार हो गया।
मेहगांव थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

