हरारे। भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा टी20 मुकाबला हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन और उपकप्तान तिलक वर्मा की विस्फोटक अर्धशतकीय पारियों की बदौलत जिम्बाब्वे को 220 रन का लक्ष्य दिया है।

भारत की तरफ से पारी की शुरुआत करने वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा आए। वैभव अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। वह 9 गेंदों पर 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 20 रन बनाकर आउट हुए। अभिषेक शर्मा का बल्ला लगातार दूसरे मैच में भी नहीं चला। अभिषेक 8 गेंदों पर 2 चौकों की मदद से 8 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद ईशान और श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी की। अय्यर 20 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 25 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद किशन ने चौथे विकेट के लिए तिलक वर्मा के साथ 94 रन की अहम साझेदारी की। किशन चौथे विकेट के रूप में आउट हुए। 31 गेंदों पर अपना 12वां टी20 अर्धशतक लगाने वाले किशन ने 44 गेंदों पर 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 81 रन की पारी खेली।

तिलक वर्मा ने 23 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 29 गेंदों पर 3 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 60 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके साथ शिवम दुबे 3 गेंदों पर 6 रन बनाकर नाबाद रहे। रिंकू सिंह 8 गेंदों पर 12 रन बनाकर आउट हुए।

भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए हैं।

जिम्बाब्वे की तरफ से ब्लेसिंग मुजारबानी, रिचर्ड नगवारा, न्यूमैन न्यामहुरी, ब्रायन बेनेट और ब्रैड इवांस ने 1-1 विकेट लिए।

भारतीय टीम सीरीज का पहला मैच जीत चुकी है। इस मैच में जीत दर्ज करने की स्थिति में भारतीय टीम सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना लेगी।