सतना,अंबिका केशरी। उचेहरा वन परिक्षेत्र के बीट खोखरा क्षेत्र में एक हिरन का शावक कुत्तों के हमले से बचते हुए रिहायशी इलाके में पहुंच गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि आवारा कुत्तों के झुंड से डरकर शावक गांव की ओर भाग आया था। सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी सचिन नामदेव के निर्देश पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शावक को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया।
रेस्क्यू के बाद वन अमले ने हिरन के शावक का स्वास्थ्य परीक्षण कराया, जिसमें वह पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। आवश्यक देखरेख और निरीक्षण के बाद वन विभाग की टीम ने उसे पुनः उसके प्राकृतिक आवास जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया। वन विभाग की तत्परता से एक मासूम वन्यजीव की जान बचाई जा सकी, जिसकी स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।

