मुंबई। हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार की चौथी पुण्यतिथि पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री सायरा बानो ने भावुक श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा करते हुए अपने जीवनसाथी के साथ बिताए अनमोल पलों को याद किया और कहा कि दिलीप कुमार आज भी उनकी यादों और उनके प्रेम में जीवित हैं।

सायरा बानो ने इंस्टाग्राम पर दिलीप कुमार के साथ अपनी कई दुर्लभ और पुरानी तस्वीरें साझा कीं। इसके साथ उन्होंने लिखा, "जीवन की सबसे खूबसूरत बात यह है कि वह कभी पूरी तरह समाप्त नहीं होता। वह यादों में हमेशा जीवित रहता है। यादें समय की तरह साथ नहीं छोड़तीं, बल्कि हर मुस्कान, हर नजर और हर शब्द को फिर से जीवंत कर देती हैं।"

उन्होंने आगे लिखा, "मुझे अक्सर लगता है कि साहब इस दुनिया से विदा होने से पहले मुझे यादों का ऐसा अनमोल खजाना देकर गए हैं, जिसके सहारे मैं अपनी पूरी जिंदगी गुजार सकती हूं।"

सायरा ने कहा, "7 जुलाई 2021 को दिलीप कुमार ने सिर्फ मुझे ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को अलविदा कहा था, जो उनसे प्यार करती थी। उनके परिवार, दोस्तों, प्रशंसकों और फिल्म जगत के लोगों के जीवन में ऐसा खालीपन आ गया, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। लेकिन मेरे लिए वह सिर्फ दुनिया के महान अभिनेता नहीं थे, बल्कि मेरे जीवन का सबसे मजबूत सहारा थे।"

उन्होंने अपने वैवाहिक जीवन को याद करते हुए लिखा, "हमने सिर्फ एक साथ जीवन नहीं बिताया, बल्कि एक संपूर्ण और संतुष्ट जीवन जिया। उन्होंने मुझे हमेशा अपने जीवनसाथी होने का सम्मान दिया। दुनिया उन्हें महान अभिनेता के रूप में याद रखेगी, लेकिन जो लोग उन्हें करीब से जानते थे, वे उन्हें एक उदार इंसान, परोपकारी, सच्चे मित्र और दयालु व्यक्ति के रूप में हमेशा याद करेंगे।"

अपनी पोस्ट में सायरा बानो ने आगे कहा कि समय बीतने के बावजूद दिलीप कुमार कभी उनकी जिंदगी से दूर नहीं हुए। "साहब को इस दुनिया से गए पांच साल हो चुके हैं, लेकिन वह आज भी मेरी हर याद में बसते हैं। इतना गहरा प्रेम समय के साथ खत्म नहीं होता। यदि इस जीवन में मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं, तो इसलिए कि मुझे दिलीप कुमार से प्रेम करने और उनका प्रेम पाने का सौभाग्य मिला।"

सायरा बानो द्वारा साझा की गई तस्वीरों में दोनों के साथ बिताए गए खूबसूरत पल नजर आए। इनमें उनकी युवावस्था की ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरें भी शामिल हैं, जो उनके लंबे और खूबसूरत वैवाहिक सफर की झलक पेश करती हैं।

बता दें कि हिंदी सिनेमा के 'ट्रेजेडी किंग' के नाम से मशहूर दिलीप कुमार का 7 जुलाई 2021 को 98 वर्ष की आयु में मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया था। भारतीय सिनेमा के महानतम अभिनेताओं में शुमार दिलीप कुमार को फिल्म इंडस्ट्री में मेथड एक्टिंग की शुरुआत करने वालों में भी गिना जाता है।