टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में टीकमगढ़ विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए प्रदेश और देश से जुड़े कई जनहित के मुद्दे उठाए। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रेस वार्ता में उन्होंने जमीनों की गाइडलाइन एवं रजिस्ट्री शुल्क में की गई भारी बढ़ोतरी, कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याओं और विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार को लेकर सरकार से जवाब मांगा।
विधायक बुंदेला ने आरोप लगाया कि जिले में जमीनों की गाइडलाइन और रजिस्ट्री शुल्क में 900 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाला गया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से गरीब, किसान और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए जमीन खरीदना और रजिस्ट्री कराना बेहद कठिन हो गया है। उनका कहना था कि सरकार जनता को राहत देने के बजाय केवल राजस्व बढ़ाने पर ध्यान दे रही है।
उन्होंने जिले सहित पूरे बुंदेलखंड में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर भी चिंता जताई। उनका आरोप था कि महिलाओं, दलितों और पिछड़े वर्गों पर अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पीड़ितों को समय पर न्याय नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि कई मामलों में सत्ता के दबाव में एफआईआर दर्ज नहीं की जाती या शिकायतों को दबाने का प्रयास किया जाता है, जिससे अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं।
प्रेस वार्ता में विधायक ने स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है, जबकि अधिकारी केवल औपचारिकताओं तक सीमित हैं। इसके साथ ही उन्होंने नीट परीक्षा पेपर लीक, अयोध्या राम मंदिर चोरी प्रकरण, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर लगाए गए जमीन घोटाले के आरोप तथा किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए निष्पक्ष जांच और जवाबदेही की मांग की।
विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला ने चेतावनी दी कि यदि रजिस्ट्री शुल्क में की गई भारी बढ़ोतरी वापस नहीं ली गई और दलितों, महिलाओं व आम जनता को न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस सड़क से लेकर विधानसभा तक व्यापक जनआंदोलन करेगी।
प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस प्रभारी प्रभु सिंह ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन साहू, जिला संगठन महासचिव संजय नायक, सूर्य प्रकाश मिश्रा, जब्बार खान, नगर अध्यक्ष गौरव शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष एवं पार्षद अनीश अहमद, राजीव जैन, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष पूनम जायसवाल, सुनील अहिरवार, सुनील जैन, महेंद्र सिंह जसवंतनगर, सुबोत पुरोहित, नरेंद्र यादव, सोशल मीडिया प्रभारी नीतेश बिलगैयाँ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

