मुंबई | सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद लंबे समय तक इंडस्ट्री से दूर रहीं अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती अब एक बार फिर अभिनय की दुनिया में वापसी करने जा रही हैं। रिया जल्द ही नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज ‘फैमिली बिजनेस’ में नजर आएंगी। उनकी वापसी की आधिकारिक घोषणा मंगलवार शाम मुंबई में आयोजित ‘Next On Netflix’ इवेंट में की गई।
इस वेब सीरीज में रिया चक्रवर्ती के साथ अनिल कपूर और विजय वर्मा भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। रिया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सीरीज का टीजर शेयर करते हुए लिखा, “नई शक्ति मिलती है पुराने पैसे से। जब सत्ता बड़ी होती है, तो परिवार और कारोबार की सीमाएं धुंधली हो जाती हैं।” सीरीज जल्द ही नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।
रिया के कमबैक की खबर से उनके फैंस काफी खुश नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार समर्थन मिल रहा है। एक यूजर ने लिखा, “देर आए, दुरुस्त आए, बधाई।” वहीं दूसरे फैन ने कहा, “रिया को फिर से स्क्रीन पर देखना अच्छा लग रहा है।
गौरतलब है कि वर्ष 2020 में सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद रिया चक्रवर्ती विवादों में आ गई थीं। उसी साल सितंबर में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने कथित ड्रग्स चैट मामले में उन्हें हिरासत में लिया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी और पासपोर्ट जमा करने की शर्त रखी गई थी।
करीब पांच साल बाद हाल ही में बॉम्बे हाईकोर्ट के फैसले के बाद रिया को उनका पासपोर्ट वापस मिल गया है। इसके साथ ही अब वह अपने करियर की नई शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रही हैं।

