खजुराहो/राजनगर। खजुराहो के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत धधर तालाब के पास रविवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग की अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात उस समय अंजाम दी गई, जब बुजुर्ग अपने प्लॉट पर चारपाई पर सो रहे थे। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

सुबह खाना देने पहुंचे बेटे ने देखा पिता का लहूलुहान शव

मृतक की पहचान गोपाल श्रीवास (उम्र लगभग 70 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतक के बेटे बबलू श्रीवास ने बताया कि वे रोज की तरह सुबह अपने पिता को खाना देने के लिए प्लॉट पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने चारपाई पर पिता का शव लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए; बुजुर्ग के गले पर धारदार हथियार के तीन गहरे और गंभीर घाव थे। परिवार ने बिना समय गंवाए तत्काल इसकी सूचना राजनगर थाना पुलिस को दी।

डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

बुजुर्ग की हत्या की खबर मिलते ही खजुराहो एसडीओपी मनमोहन सिंह बघेल, राजनगर थाना पुलिस, मोबाइल फॉरेंसिक वैन प्रभारी रजनी गुप्ता और एफएसएल (FSL) की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने खोजी कुत्तों (डॉग स्क्वायड) की मदद से घटनास्थल का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए राजनगर अस्पताल भिजवाया, जहां से पीएम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

हत्या की वजह अज्ञात, जांच में जुटी पुलिस

खजुराहो एसडीओपी मनमोहन सिंह बघेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला पूरी तरह से हत्या का है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई हैं और सभी पहलुओं से बारीकी से जांच की जा रही है। वहीं, मृतक के बेटे का कहना है कि उनकी जानकारी में पिता की किसी से कोई रंजिश या दुश्मनी नहीं थी, जिसके कारण हत्या की मूल वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।