मुंबई। प्रियंका चोपड़ा करीब छह साल बाद भारतीय सिनेमा में वापसी करने जा रही हैं। वह मशहूर निर्देशक एस.एस. राजामौली की आगामी फिल्म ‘वाराणसी’ में नजर आएंगी। इसी बीच अभिनेत्री ने अपनी चर्चित फ्रेंचाइजी फिल्मों ‘डॉन’ और ‘कृष’ को लेकर बड़ा संकेत दिया है।
स्क्रीन रेंट से बातचीत के दौरान जब प्रियंका चोपड़ा से ‘डॉन-3’ और ‘कृष-4’ का हिस्सा बनने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि ये ऐसे किरदार हैं जिन्हें वह हमेशा निभाने के लिए तैयार रहेंगी, लेकिन कहानी मजबूत होनी चाहिए। प्रियंका ने कहा, “मुझे नहीं पता कि मैं दोनों में से किसी के बारे में बात कर भी सकती हूं या नहीं।
इस पर उनके को-एक्टर महेश बाबू ने मजाकिया अंदाज में कहा, “तो फिर कुछ न कुछ जरूर चल रहा है।” आगे प्रियंका ने कहा कि ‘वाराणसी’ भारत में लगभग छह साल बाद उनकी पहली फिल्म है और इस प्रोजेक्ट के साथ वापसी करना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने यह भी साफ किया कि अगर किसी फ्रेंचाइजी या किरदार में दमदार कहानी होगी, तो वह उसे दोबारा निभाने के लिए तैयार हैं।
गौरतलब है कि प्रियंका चोपड़ा इससे पहले ऋतिक रोशन के साथ ‘कृष-3’ में नजर आ चुकी हैं, वहीं शाहरुख खान की फिल्म ‘डॉन-2’ में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।
फिलहाल प्रियंका चोपड़ा निर्देशक एस.एस. राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ की तैयारियों में जुटी हैं। इस फिल्म में उनके साथ महेश बाबू मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म के 2027 में रिलीज होने की संभावना है।

