पटना। बिहार में नीट (NEET) मुद्दे पर जारी छात्र आंदोलन और बिहार बंद के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जनशक्ति जनता दल के प्रमुख और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव को पटना पुलिस ने सेंट्रल मॉल परिसर के पास से दोबारा हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, तेज प्रताप यादव शनिवार को छात्रों के प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान प्रदर्शन स्थल पर भारी हंगामा हुआ, जहाँ उपद्रवियों ने उग्र रूप अपनाते हुए पुलिस की दो गाड़ियों को पलट दिया और जमकर तोड़फोड़ की। दिन में हिरासत में लिए जाने और रिहा होने के बाद, शाम को पुलिस टीम (सिटी एसपी के नेतृत्व में) ने दबिश देकर उन्हें सेंट्रल मॉल क्षेत्र से पुलिस वाहन में बैठाया और हिरासत में ले लिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपद्रव, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के मामले में जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।