बीना,बृजपाल सिंह राजपूत। सागर जिले की बीना विधानसभा के अंतर्गत खिमलासा कस्बे में लगातार हो रही डीजल चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजकुमार घोषी के रूप में हुई है, जो लंबे समय से क्षेत्र में ट्रैक्टर, ट्रक और अन्य वाहनों से डीजल चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।


जानकारी के अनुसार, खिमलासा थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से ट्रक, जीप, पिकअप, ट्रैक्टर और कृषि यंत्रों से डीजल चोरी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सक्रियता बढ़ाई और संदिग्धों पर नजर रखना शुरू किया।


घटना 6 अप्रैल की है, जब फरियादी जितेन्द्र जैन, पिता नरेश जैन ने अपना स्वराज ट्रैक्टर रात करीब 9 बजे नई बस्ती खिमलासा में देवेश तिवारी के घर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे के पास खड़ा किया था। देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच आरोपी राजकुमार घोषी तीन ड्रम लेकर मौके पर पहुंचा और ट्रैक्टर से लगभग 45 लीटर डीजल चोरी कर लिया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।


अगले दिन फरियादी जितेन्द्र जैन ने खिमलासा थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की और तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कृषि मंडी खिमलासा के पास से दबोचा गया।


इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में एएसआई आशिफ अली, आरक्षक जबेद खान, दीपक पाण्डेय, गौरव मीणा, सचिन यादव, जितेन्द्र लोधी, भानुप्रताप ठाकुर और महिला आरक्षक सुलेखा शामिल रहीं।


पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह इस तरह की कितनी और वारदातों में शामिल रहा है। इस गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में हो रही डीजल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।


पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।