भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने दिल्ली में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी के साथ हुई दिल्ली पुलिस की कार्रवाई की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने इसे बर्बरतापूर्ण बताते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है और इसकी जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। ऐसे में विपक्ष के नेताओं के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए असहमति की आवाज का सम्मान किया जाना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों के लिए सोनम वांगचुक का संघर्ष सराहनीय है तथा देश के युवाओं के हितों से जुड़ा हुआ है।
हालांकि दिग्विजय सिंह ने सोनम वांगचुक से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे अपना जीवन दांव पर न लगाएं। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक का जीवन देश के लिए अमूल्य है और वे अपना अनशन समाप्त करें, ताकि वे आगे भी समाज और देश के लिए अपनी आवाज बुलंद करते रहें।




