छतरपुर(रोहित पाठक)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बागेश्वर धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठान एवं हवन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बागेश्वर धाम पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और देश की निरंतर प्रगति के लिए पूजा-अर्चना की।
बागेश्वर सरकार के संरक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद वीडी शर्मा, जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। विशेष रूप से दोपहर 12 बजकर 12 मिनट पर 12 ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से हवन संपन्न कराया गया। कार्यक्रम के दौरान सांसद ने कन्या पूजन भी किया तथा भारतीय जनता पार्टी के उज्ज्वल भविष्य एवं राष्ट्र के सर्वांगीण विकास की कामना की।
इस अवसर पर सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने नेतृत्व और दूरदर्शी नीतियों से भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक सेवा देने का उनका यह ऐतिहासिक पड़ाव देशवासियों के लिए गर्व का विषय है।
बागेश्वर धाम में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्र की उन्नति, जनकल्याण और भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना की।

