छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। शहर में पेयजल संकट के बीच पानी की व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है। श्री महेंद्र नाथ मेमोरियल ट्रस्ट के तत्वावधान में शहरवासियों की सुविधा के लिए तीन पानी के टैंकर उपलब्ध कराए गए। इस अवसर पर राजीव भवन के सामने आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं नगर निगम के पार्षद मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद तिवारी ने भाजपा सरकार और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केंद्र, प्रदेश और नगर निगम में भाजपा की सरकार होने के बावजूद शहरवासियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने में विफल साबित हुआ है।
गंगा प्रसाद तिवारी ने दावा किया कि छिंदवाड़ा शहर के अधिकांश प्रमुख जल स्रोत पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के कार्यकाल में विकसित किए गए थे, लेकिन वर्तमान नगर निगम उनका समुचित रखरखाव भी नहीं कर पा रहा है। उन्होंने सांसद, महापौर और निगम अधिकारियों से शहर की जल समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भीषण गर्मी और जल संकट के बीच आम नागरिकों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से तीन पानी के टैंकर सेवा में लगाए गए हैं। वहीं, इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरते हुए जल प्रबंधन को लेकर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।

