कानपुर देहात, 3 जून । पूर्व मंत्री शिव कुमार बेरिया ने उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट ओम प्रकाश राजभर पर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सबसे पहले तो मैं ओम प्रकाश राजभर जैसे नेताओं पर किसी भी प्रकार की टिप्पणी नहीं करना चाहूंगा। मैं इन जैसे नेताओं को अच्छे से जानता हूं। ये वही ओम प्रकाश राजभर हैं, जो पहले कभी हमारे नेता अखिलेश यादव के पास आए थे और उनके हाथ पैर जोड़ने लगे। इसके बाद उनसे टिकट लिए और उस टिकट को लाखों रुपए में बेच दिया था।

पूर्व मंत्री शिव कुमार बेरिया ने कहा कि ओम प्रकाश राजभर एक हल्के कद के नेता हैं। वह हमारे नेता अखिलेश यादव के पास आए और उनसे टिकट लिया। इसके बाद उस टिकट को लोगों को लाखों रुपए में बेच दिया। कुछ लोगों को 30 लाख रुपए में तो कुछ लोगों को 35 लाख रुपए में। ओम प्रकाश राजभर का यह सिलसिला लंबे समय चलता रहा। ऐसी स्थिति में आप भला ऐसे लोगों से क्या ही उम्मीद कर सकते हैं। ऐसे नेताओं की राजनीतिक गंभीरता खतरे में ही रहती है।

उन्होंने कहा कि हमारे नेता अखिलेश यादव ने तो खुद बैठक में इस बात को कहा था कि हमने ओम प्रकाश राजभर को टिकट देकर गलती की है। गौर करने वाली बात यह है कि जिन लोगों ने ओम प्रकाश राजभर से टिकट खरीदी थी, वो लोग भी मीटिंग में मौजूद थे।

उन्होंने कहा कि जो लोग टिकट लेकर बेचता हो, उससे आप क्या ही उम्मीद कर सकते हैं। वैसे भी इतिहास गवाह है कि ओम प्रकाश राजभर चुनाव आने से पहले दल बदलते हैं। ऐसी स्थिति में ऐसे नेताओं पर क्या कहा जाए, जो हर बार दल बदलने के लिए जाना जाता हो। मूलरूप से इन लोगों का काम ही दल बदल करके टिकट प्राप्त करना और इसके बाद उन टिकटों को बेच देना है।