मोबाइल गेम की लत ने छीनी मासूम की जिंदगी

Advertisement
भोपाल,जीतेंद्र यादव।भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 14 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अंश साहू के रूप में हुई है, जो आठवीं कक्षा का छात्र था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय अंश के माता-पिता तेरहवीं कार्यक्रम में गए हुए थे। घर लौटने पर उन्होंने अपने बेटे को फंदे पर लटका देखा। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि, मृतक के कमरे से उसका मोबाइल फोन बरामद किया गया है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अंश मोबाइल पर ब्ल्यू व्हेल गेम खेलने का आदी था और आशंका है कि गेम में दिए गए किसी टास्क को पूरा करने के दबाव में उसने यह कदम उठाया हो।
फिलहाल आत्महत्या के सही कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ब्ल्यू व्हेल गेम एंगल सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारण सामने आ सकें।
