छतरपुर, संजय अवस्थी। रेलवे स्टेशन के पास कई दिनों से लावारिस अवस्था में रह रही एक गर्भवती महिला को सामाजिक संस्था निर्वाना फाउंडेशन ने सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया है। संस्था के संचालक संजय सिंह को महिला के संबंध में सूचना मिलने के बाद उनकी टीम मौके पर पहुंची और महिला से बातचीत की।


महिला ने अपना नाम रूबीना बानो बताया। उसने बताया कि उसकी करीब एक वर्ष की एक बच्ची है तथा दूसरी बेटी खुशबू बानो अपने पिता के साथ रहती है। हालांकि महिला ने अपनी पारिवारिक परिस्थितियों के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी। संस्था के अनुसार महिला काफी डरी और सहमी हुई है तथा मानसिक रूप से भी परेशान नजर आ रही है।


निर्वाना फाउंडेशन की टीम महिला को अपने संरक्षण में लेकर गई है। सबसे पहले उसका जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा, ताकि उसके स्वास्थ्य और गर्भावस्था की स्थिति का समुचित परीक्षण एवं उपचार हो सके। इसके बाद महिला को संस्था में सुरक्षित रखा जाएगा, जहां उसकी देखभाल की जाएगी और उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।


संस्था के संचालक संजय सिंह ने बताया कि महिला अब निर्वाना फाउंडेशन में रहेगी और जब वह सहज महसूस करेगी तो उसकी पूरी जानकारी लेकर उसके परिवार से संपर्क कराने का प्रयास किया जाएगा। संस्था का उद्देश्य महिला को सुरक्षित वातावरण, बेहतर उपचार और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है।