मंदसौर,ललित शंकर धाकड़। पिपलियामंडी में एक नेताजी का अनोखा “रिटर्न गिफ्ट मैनेजमेंट” इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। एक ही माला से तीन अलग-अलग कार्यक्रमों में तीन VIP का स्वागत करने का यह मामला अब पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया है।


पहले दिन कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत के भव्य स्वागत के लिए इसी माला का इस्तेमाल किया गया। कार्यक्रम समाप्त होते ही माला को अगले कार्यक्रम के लिए सीधे रवाना कर दिया गया। दूसरे दिन फिर वही माला निकली और एक बार फिर कर्नाटक राज्यपाल थावरचंद गेहलोत का स्वागत किया गया। इस बार राज्यपाल ने माला को पहचान लिया और मुस्कुराते हुए कहा- “ये माला तो VIP लग रही है।” पंडाल में यह सुनकर हंसी के फव्वारे छूट पड़े।


तीसरे दिन फिर वही पुरानी माला भाजपा पिछड़ा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश कोषाध्यक्ष धीरज पाटीदार के स्वागत में पहनाई गई। अब शहर में नया ट्रेंड चल पड़ा है- “एक माला, अनेक कार्यक्रम”।


कहीं इसे स्मार्ट बचत और पर्यावरण अनुकूल कदम बताया जा रहा है तो कहीं नेताजी के इस मैनेजमेंट को लेकर मजाक उड़ाया जा रहा है। लोग सोशल मीडिया पर मीम्स बना-बनाकर शेयर कर रहे हैं। कुछ इसे “रिटर्न गिफ्ट कल्चर” का बेहतरीन उदाहरण बता रहे हैं।


मंदसौर में इस समय माला ही सुपरस्टार बन गई है। नेताजी का यह अनोखा मैनेजमेंट हिट रहा या फ्लॉप, यह तो समय बताएगा, लेकिन फिलहाल यह पूरे जिले में हंसी-मजाक और चर्चा का केंद्र बना हुआ है।