भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) आज दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए भोपाल में 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को लेकर शहर में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की आवाजाही को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात एडवाइजरी जारी की है।
मेट्रो निर्माण कार्य के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। ऐसे में अभ्यर्थियों को समय से पहले घर से निकलने तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए छात्र निर्धारित रूट प्लान का पालन करें।
आनंद नगर स्थित परीक्षा केंद्र जाने वाले अभ्यर्थियों को चेतक ब्रिज, गोविंदपुरा, भेल और महात्मा गांधी चौराहा मार्ग से होकर केंद्र तक पहुंचने की सलाह दी गई है। वहीं गौतम नगर क्षेत्र में स्थित परीक्षा केंद्रों के लिए नादरा बस स्टैंड, अग्रवाल धर्मशाला, छोला गणेश मंदिर और जेपी ब्रिज तिराहा मार्ग का उपयोग करने को कहा गया है।
पुलिस प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक वाहन पार्किंग न करने की अपील की है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
यातायात संबंधी किसी भी सहायता या जानकारी के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 7049104825 और 7049104640 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा 7587602055 व्हाट्सएप नंबर पर भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।

