भोपाल,जीतेेन्द्र यादव। मोहन यादव सरकार के निर्देश पर राजधानी भोपाल में जीवनदायिनी माने जाने वाले बड़ा तालाब के संरक्षण के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त रूप से महा-अभियान शुरू कर दिया है। झीलों की नगरी भोपाल की इस प्रमुख जलस्रोत को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए कैचमेंट एरिया और फुल टैंक लेवल (FTL) में बने अवैध निर्माणों पर कार्रवाई तेज कर दी गई है।


प्रशासन द्वारा तालाब के 50 मीटर के दायरे में किए गए अवैध निर्माणों को चिन्हित कर बुलडोजर चलाया जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत भदभदा क्षेत्र से की गई है, जहां बड़ी संख्या में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। अधिकारियों के अनुसार यह अभियान लगातार 21 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें तालाब के आसपास के सभी अवैध निर्माणों को हटाया जाएगा।


नगर निगम और जिला प्रशासन का कहना है कि बड़ा तालाब भोपाल की जीवन रेखा है, और इसके संरक्षण के लिए सख्त कदम उठाना जरूरी है। इस अभियान का उद्देश्य न केवल अतिक्रमण हटाना है, बल्कि जल स्रोत को सुरक्षित और स्वच्छ बनाए रखना भी है।